राज्य-राजधानी
प्रधानमंत्री का दो दिवसीय गुजरात दौरा आज से, कई परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह केवड़िया स्थित एकता नगर में 280 करोड़ रुपये की लागत से बनी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे एकता नगर पहुंचेंगे और वहां अवसंरचना तथा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद शाम 6 बजे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता दिवस की पूर्व संध्या पर 99वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करेंगे। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए रोडमैप’ रखा गया है। इस फाउंडेशन कोर्स में भारत की 16 सिविल सेवाओं और भूटान की 3 सिविल सेवाओं के कुल 653 अधिकारी प्रशिक्षु शामिल हैं।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर प्रधानमंत्री अर्पित करेंगे पुष्पांजलि
पीएमओ के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 7:15 बजे प्रधानमंत्री मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह मनाया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री एकता दिवस की शपथ दिलाएंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे। परेड में 9 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस, 4 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, एनसीसी, और एक मार्चिंग बैंड की 16 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
इस अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा, जिनमें एनएसजी की हेल मार्च टुकड़ी, बीएसएफ और सीआरपीएफ के महिला व पुरुष बाइकर्स का साहसी प्रदर्शन, बीएसएफ द्वारा भारतीय मार्शल आर्ट का शो, स्कूली बच्चों का पाइप बैंड शो, और भारतीय वायु सेना का ‘सूर्य किरण’ फ्लाईपास्ट शामिल हैं।
