गाजीपुर
पोखरा और कब्रिस्तान की भूमि पर दबंगों का कब्जा, ग्रामीणों में आक्रोश
भीमापार (गाजीपुर)। ग्राम पट्टी गरीब उर्फ मई, पोस्ट खिदिरगंज, थाना सादात, तहसील सैदपुर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मनमाने और दबंग प्रवृत्ति के लोग पोखरा एवं कब्रिस्तान पर दखल जमाए हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, यह भूमि 132 लैंड (सरकारी जमीन) श्रेणी में आती है, जिसे सुरक्षित रखने के लिए सरकार और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं। इसके बावजूद दबंग लगातार जमीन पर कब्जा बढ़ाते जा रहे हैं और आदेशों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर रहे हैं।

आरोप है कि ट्रैक्टर–ट्रॉली से मिट्टी डालकर पोखरे को पाटा जा रहा है, वहीं कब्रिस्तान क्षेत्र में खुदाई कर पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे यह आशंका और बढ़ गई है कि भूमि पर कब्जा स्थायी करने की कोशिश की जा रही है।
इसको लेकर ग्रामीणों व कब्जाधारियों के बीच विवाद की स्थिति अक्सर बनती रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जल निकासी और शव दफनाने की व्यवस्था करने तक की धमकियां दी जा रही हैं।
ग्रामीणों में बढते असंतोष के बीच शासन–प्रशासन से यह मांग की जा रही है कि सरकारी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और कब्जेदारों के खिलाफ उचित व सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके।
