Connect with us

वाराणसी

पैसे लेकर प्रत्याशियों का गुणगान करना पेड न्यूज की श्रेणी, भारत निर्वाचन आयोग ने जारी की गाइडलाइंस

Published

on

Loading...
Loading...

मीडिया कर्मियों को पेड और फेक न्यूज़ से बचने की सलाह

वाराणसी। किसी भी प्रत्याशी का धन लेकर गुणगान करना या उसे महिमामंडित करना पेड न्यूज की श्रेणी में आएगा। यदि किसी मामले में इस तरह की शिकायत सामने आई तो संबंधित मीडिया हाउस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष सकुशल तरीके से संपन्न करने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के प्रति भी प्रशासन कृत संकल्प है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक बैठक में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन से अवगत कराया गया और उन्हें इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

विपिन कुमार ने कहा कि, लोकसभा चुनाव के दौरान पेड न्यूज़ पर विशेष नजर रखी जाएगी। पैसे लेकर न्यूज़ प्रकाशित करना पेड न्यूज की श्रेणी में आएगा। इसके लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर होगी। महिमा मंडन, प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं का रुझान बताना, ज्योतिषियों द्वारा किसी की जीत का दावा संबंधी विश्लेषण करना, बल्क एसएमएस या वॉइस मैसेज आदि पेड न्यूज़ की श्रेणी में आएगा।

उन्होंने आगे कहा कि, व्हाट्सएप ग्रुप में प्राप्त भ्रामक सूचनाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उनका पक्ष अवश्य लिया जाए। ऐसी सूचना फेक हो सकती हैं या झूठी हो सकती है। ऐसी भ्रामक सूचनाओं को व्हाट्सएप ग्रुप में कतई फॉरवर्ड ना किया जाए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त राजीव राय, सहायक नगर आयुक्त अमित शुक्ला, सूचना अधिकारी सुरेंद्रनाथ पाल, पीआईबी के स्थानीय प्रभारी प्रशांत कक्कड़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page