वाराणसी
पूर्व विधायक पर जानलेवा हमला, गनर-ड्राइवर की भी पिटाई, केस दर्ज
दांत तोड़ेने सहित एक लाख नकदी व सोने की चेन लूटने का आरोप
वाराणसी। भदोही विधानसभा क्षेत्र से 2017 से 2022 तक विधायक रहे भाजपा के पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी पर वाराणसी कचहरी परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में बीते 14 अगस्त को जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके दांत तोड़ दिए और एक लाख रुपये नकद व सोने की चेन लूट ली।
पूर्व विधायक ने कैंट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने एजाज और ऋषिकांत सिंह को नामजद करते हुए 12 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, रंगदारी, लूट और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूरी घटना रजिस्ट्री कार्यालय में लगे सीसी कैमरे में कैद हुई है।
हमले की पूरी कहानी
भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के चौगुना निवासी पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी रजिस्ट्री के सिलसिले में 14 अगस्त को दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। उसी दौरान एजाज और ऋषिकांत सिंह 12 साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला किया। किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और दांत भी टूट गया।
पूर्व विधायक ने बताया कि हमलावरों ने उनसे एक लाख रुपये की नकदी और सोने की चेन छीन ली। बीचबचाव करने पर उनके गनर और ड्राइवर की भी पिटाई की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई।
हमले के बाद पूर्व विधायक मानसिक रूप से आहत हो गए और अपने साथियों के साथ घर लौट गये थे। शुक्रवार और शनिवार को इलाज कराने के बाद उन्होंने रविवार को कैंट थाने पहुंचकर तहरीर दी। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पूर्व विधायक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसी फुटेज की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
