वाराणसी
पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर घायलावस्था में गिरफ्तार
वाराणसी। फूलपुर में देर रात पुलिस और गैंगस्टर अभिषेक यादव के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें अभिषेक यादव के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर निकट स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, एक जीवित कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। उसके खिलाफ चंदौली और वाराणसी में छह मुकदमे दर्ज हैं।
इससे पहले शुक्रवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिंडराई अंडरपास के समीप गोवंश तस्करी की जा रही है। घेराबंदी कर पुलिस ने पिकअप वाहन से छह गोवंश बरामद किए और वाहन में बैठे ग्राम सरैया उक्थी, थाना चौबेपुर निवासी दिनेश यादव तथा संतोष उर्फ नथुनी यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनके साथ मौजूद अभिषेक यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
फरार अभिषेक की तलाश में पुलिस जुटी रही। देर रात सिंधौरा रोड स्थित नागापुर के पास उसकी पुलिस टीम से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। अभिषेक ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, दारोगा विजय कुमार कुशवाहा, दिनेश कुमार त्रिपाठी, रामसिंह, वीरेन्द्र नाथ पांडेय, कलामुद्दीन अहमद, अमित कुमार पांडेय, मुनिशंकर वर्मा, हेड कांस्टेबल अनूप राय, कांस्टेबल अशोक यादव, अनिल कुमार यादव और रूपचन्द्र सरोज शामिल रहे।
