गाजीपुर
पुलिस ने आलमपुर के पांच नामित अभियुक्तों को गिरफ्तार करके भेजा जेल
नन्दगंज (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को सुबह 9 बजे मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ला अपने सहयोगियों संग 26 जुलाई की रात में आलमपुर गांव में हुई मारपीट के दौरान रामा बिंद की लाठी-डंडा से लगी चोटों से हुई मृत्यु के नामित छह अभियुक्तों में से पांच नामित अभियुक्तों को नंदगंज रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में बोधन कुमार बिंद, ज्ञान प्रकाश उर्फ गेनी, राजेश बिंद, निरंजन बिंद तथा रामकिशुन बिंद सभी ग्राम आलमपुर, थाना नन्दगंज के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकृत मुकदमे में सभी पांचों नामजद अभियुक्तों को रेलवे स्टेशन नन्दगंज के पास से गिरफ्तार कर अभियुक्तगण की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला-ए-कत्ल चार बांस बरामद किया गया है।

स्मरण रहे कि गिरफ्तार अभियुक्तगण द्वारा विगत 26 जुलाई को करीब 10 बजे रात्रि में ग्राम आलमपुर में विवादित जमीन पर छप्पर रखने सम्बन्धित विवाद को लेकर एक राय होकर झगड़ा करते हुए लाठी एवं डंडों से मारपीट की गई थी। जिसमें मारपीट के दौरान रामा बिंद (पुत्र स्व. नाथा बिंद, निवासी ग्राम आलमपुर, थाना नन्दगंज) को गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान अगले दिन सुबह मृत्यु हो गई थी।
जिसके सम्बन्ध में मृतक रामा बिंद के लड़के विनोद कुमार बिंद द्वारा थाना में लिखित प्रार्थना पत्र देकर मु.अ.सं. 214/2025 धारा-191(2), 115(2), 118(1), 105, 3(5), 61(2) बी.एन.एस. में अभियोग पंजीकृत करवाया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण करके न्यायालय के समक्ष पेश कर जिला जेल भेजा गया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि साजिशकर्ता ग्राम प्रधान सहित शेष अज्ञात अभियुक्तों की छानबीन की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ल, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र यादव, आरक्षी जमील अंसारी, अवधेश कुमार, रवि कुमार, सत्यप्रकाश यादव तथा शशिकान्त तिवारी रहे।
