वाराणसी
पुलिस की मुठभेड़ में शातिर लुटेरा विशाल गिरफ्तार
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 12 मामलों में आरोपी लुटेरा विशाल भारती पुलिस की गोली से घायल हो गया। सिंहपुर अंडरपास के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश को धर दबोचा। विशाल पर लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
शनिवार की भोर पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहा बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली विशाल के दाहिने पैर में लगी।
गोली लगने के बाद बदमाश बाइक समेत गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। घायल विशाल को नरपतपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया गया। मौके से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पकड़ा गया बदमाश विशाल भारती मूल रूप से आजमगढ़ का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल बेनीपुर अकथा में रह रहा था। उसके खिलाफ चोरी, लूट और 25 आर्म्स एक्ट के तहत 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी, और आखिरकार ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत उसे पकड़ लिया गया। वाराणसी पुलिस अब विशाल से पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और अपराधों का खुलासा हो सके।
इस मुठभेड़ में एसओ सारनाथ विवेक त्रिपाठी, चौकी इंचार्ज आशापुर अनिल कुमार चंदेल, पुराना पुल चौकी इंचार्ज अमृत राज, सराय कोहना चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार, दरोगा भरत चौधरी, दुर्गेश सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
