गोरखपुर
पीपीगंज क्षेत्र में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र
ओवरब्रिज निर्माण का मिला आश्वासन
गोरखपुर। पीपीगंज क्षेत्र में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की स्थापना को लेकर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में कहा गया कि क्षेत्र में सरकारी कन्या इंटर कॉलेज न होने के कारण छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
मांग पत्र सौंपने के दौरान प्रतिनिधियों ने बताया कि यदि पीपीगंज में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की स्थापना होती है तो आसपास के ग्रामीण इलाकों की बेटियों को बड़ी राहत मिलेगी और शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा। उन्होंने इसे बेटी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ा अहम मुद्दा बताया।
इसी दौरान क्षेत्र की एक और बड़ी समस्या को लेकर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी उठाई गई। लोगों ने बताया कि रेलवे फाटक बंद रहने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री की ओर से प्रतिनिधियों को ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा मामले का परीक्षण कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की स्वीकृति और ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे पीपीगंज क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा।
