वाराणसी
पीएम मोदी जनता को समर्पित करेंगे यूपी का पहला दिव्यांग फ्रेंडली स्टेडियम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होंगे दिव्यांग खिलाड़ी
वाराणसी: आगामी 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सिगरा स्टेडियम में तैयारियां जोरों पर हैं। स्टेडियम और उसके आसपास का फिनिशिंग कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत इसका निर्माण किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम में दिव्यांग खिलाड़ियों को आमंत्रित करने की योजना है। सिगरा स्टेडियम को दिव्यांग फ्रेंडली बनाया गया है, जिसमें सभी निर्माण कार्य दिव्यांगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए गए हैं। सड़क से लेकर चौथी मंजिल तक दिव्यांगजन बिना किसी सहायता के पहुंच सकेंगे। जगह-जगह विशेष प्रकार की टाइल्स का उपयोग किया गया है। यह स्टेडियम यूपी का पहला दिव्यांग फ्रेंडली स्टेडियम होगा जिसमें दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी खेलों का आयोजन होगा।
इसके अलावा शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए प्रशासन सक्रिय है। सड़कों के गड्ढे भरने और लटकते तारों को ठीक करने का कार्य हो रहा है। शंकर नेत्रालय समेत अन्य जन उपयोगी योजनाओं को भी शामिल किया जा रहा है। जैसे ही उच्च स्तर से मंजूरी मिलेगी कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री का संभावित कार्यक्रम 20 अक्तूबर के आसपास तय किया जा रहा है। भाजपा के भीतर भी हलचल तेज हो गई है और स्थानीय जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं।
