अपराध
पिता ने नहीं दिया शराब का पैसा, बेटे ने उठाया खौफनाक कदम
कासिमाबाद (गाजीपुर) बरेसर थाना क्षेत्र के तिलठियां गांव में शराब के लिए पैसे न मिलने से नाराज इकलौते बेटे ने अपने पिता पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना शनिवार देर शाम की है। जब पिता ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी बेटे ने चारा काटने के गड़ासे से उन पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने आई बहन को भी उसने नहीं बख्शा और उस पर भी हमला कर दिया। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पिता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तिलठियां गांव के निवासी जर्नादन पाल उस वक्त घर पर कुछ काम कर रहे थे। देर शाम उनका इकलौता पुत्र राजेंद्र पाल वहां पहुंचा और शराब के लिए पैसे मांगने लगा। पिता द्वारा मना करने पर बेटे ने गुस्से में आकर चारा काटने के गड़ासे से उन पर हमला कर दिया। उसने पिता के कंधे, गर्दन, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव के दौरान बहन खुशी भी हमले की चपेट में आ और उसका हाथ घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल पिता और बहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां दूसरे दिन पिता की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बरेसर थानाध्यक्ष राजीव द्विवेदी ने बताया कि घायल की पत्नी लक्ष्मीना देवी की शिकायत पर आरोपी पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
