Connect with us

वाराणसी

पार्किंग को लेकर भड़का विवाद, बैंक गार्ड के बेटे ने की फायरिंग

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के मच्छोदरी श्याम बाजार स्थित एसबीआई बैंक के बाहर कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया, जब बैंक गार्ड के बेटे ने कार सवार युवक पर लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। फायरिंग के बाद आरोपित युवक बैंक के अंदर जाकर खुद को बंद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गार्ड का बेटा मोनू अपने पिता की जगह ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान उसकी कहासुनी सिकरौल (कैंट थाना) क्षेत्र निवासी अतुल मौर्या से हो गई, जो पेशे से एड फिल्म निर्माता बताया गया है। अतुल मौर्या के अनुसार, वह श्याम बाजार में बृजेश अग्रवाल के खाली मकान में साड़ी के विज्ञापन की शूटिंग के सिलसिले में गया था। बीती रात करीब दस बजे जब वह बाहर निकला, तभी मोनू और उसके साथ मौजूद एक युवक ने कार खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर मोनू बैंक के अंदर गया और लाइसेंसी राइफल लेकर वापस आया। उसने अतुल मौर्या पर राइफल तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उसने फायरिंग कर दी। घटना के समय मोनू के साथ मौजूद बुलेट सवार युवक मौके से फरार हो गया, जबकि अतुल मौर्या जान बचाकर वहां से भागा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मोनू बैंक के भीतर जाकर गेट बंद कर चुका था। रात करीब 11:40 बजे तक पुलिस और पीड़ित युवक घटनास्थल पर मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक के मैनेजर वैभव श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस पूछताछ के दौरान प्रारंभ में उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि मोनू बैंक में राइफल के साथ नाइट ड्यूटी कर रहा था।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मोनू पहले भी कई बार अपने पिता की जगह ड्यूटी कर चुका है और स्थानीय लोगों के साथ उसका विवाद होता रहा है। इस संबंध में बैंक प्रबंधन से शिकायतें भी की गई थीं। गार्ड गोरखनाथ यादव और उसका बेटा मोनू गायघाट क्षेत्र में किराये के मकान में रहते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page