अपराध
पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए मुंशी ने मांगी 10 हजार की रिश्वत
जौनपुर। करंजाकला के सरायख्वाजा थाना अंतर्गत एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए मुंशी द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने घूस मांगने की शिकायत एसपी से की है। इस मामले की छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करंजाकला के रहने वाले उमेशचंद्र सोनकर ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि एक अगस्त को उसकी पत्नी ज्योति सोनकर से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। पत्नी ने 112 डायल कर पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस के बुलाने पर जब वह थाने पहुंचा तो थाने में तैनात मुंशी को सारी बात बताई। उस समय थाने पर पत्नी का भाई सुमित सोनकर भी मौजूद था।
उमेश सोनकर ने आरोप लगाया कि पत्नी के मायके वालों ने मुंशी को कुछ रूपये दिए। इसके बाद मुंशी आशुतोष श्रीवास्तव ने मुझसे पैसे की मांग करते हुए कहा कि, “अगर 10 हजार रुपये नहीं दोगे तो तुम्हें गलत धाराओं में फंसाकर जेल भेज दूंगा।” उसने मुझे अपशब्द कहा और भगा दिया।
वहीं इस मामले में थाने में तैनात मुंशी आशुतोष श्रीवास्तव स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि, “पति-पत्नी का आपसी विवाद था और थाने पर मामला पहुंचने के बाद दोनों को समझा बुझाकर भेज दिया गया। आरोप में किसी प्रकार की सच्चाई नहीं है।”
