वाराणसी
पानी टंकी में डूबने से मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
शादी समारोह के शोर में नहीं सुनाई दी चीख
वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर (चंगवार) गांव में शनिवार को 3 वर्षीय आयुष नामक मासूम की पानी टंकी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, छोटेलाल गुप्ता के परिजन पड़ोस में हो रहे शादी समारोह में बारात को देख रहे थे। इस दौरान उनका छोटा बेटा आयुष पानी टंकी के पास खड़ी लकड़ी की सीढ़ी के सहारे पानी टंकी पर चढ़ गया और अमरूद तोड़ने की कोशिश करने लगा।
इस दौरान वह अचानक पानी टंकी में गिर गया। परिजन जब विवाह समारोह के बाद घर लौटे तो बच्चे को तलाशने लगे, लेकिन घंटों बाद भी आयुष का कोई पता नहीं चला। इस पर एक पड़ोसी महिला ने पानी टंकी के अंदर झांककर देखा, जहां मासूम डूबा हुआ मिला। तुरंत परिजन उसे लेकर पास के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आयुष अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां मीनू देवी सहित अन्य परिजन गहरे शोक में डूबे हुए हैं।
