खेल
पाकिस्तान पर जीत के बाद मैदान में भिड़े हार्दिक-कुलदीप! सुपर-8 में पहुंचा भारत
नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। कोलंबो के आर. प्रेमादासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसमें ईशान किशन ने 77 रन की अहम पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई।

मैच जीतने के बाद जहां भारतीय खिलाड़ी जश्न में डूबे नजर आए, वहीं मैदान पर हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव के बीच बहस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में देखा गया कि हार्दिक पांड्या कुलदीप यादव से कुछ कहते नजर आ रहे हैं, जबकि रिंकू सिंह और कप्तान सूर्या बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। तिलक वर्मा भी उस दौरान पास में मौजूद थे।

दरअसल, 18वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर शाहीन अफरीदी ने स्लॉग शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद ऊंची गई और बाउंड्री लाइन के पास खड़े कुलदीप यादव के पास कैच का मौका था, लेकिन आखिरी क्षणों में गेंद उनके हाथों से छिटककर बाउंड्री पार चली गई और बल्लेबाज के खाते में 6 रन जुड़ गए। इससे ठीक पिछली गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन भी कैच नहीं पकड़ सके थे। लगातार दो मौके हाथ से निकलने के बाद हार्दिक नाराज दिखे।

माना जा रहा है कि अगर वह कैच लपक लिया जाता तो मुकाबला उसी समय समाप्त हो सकता था। हालांकि 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर उस्मान तारिक का विकेट लेकर हार्दिक पांड्या ने भारत की जीत सुनिश्चित कर दी और टीम को 61 रन से जीत दिलाई।
भारत की इस जीत के साथ ही टीम ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है, जबकि मैदान पर हुई इस छोटी सी तकरार का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
