Connect with us

गाजीपुर

परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा पुख्ता, कंट्रोल रूम से होगी लाइव निगरानी

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। आगामी हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को पूरी तरह नकल-विहीन और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षाएं 24 फरवरी 2025 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2025 तक चलेंगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा भेजे गए प्रश्नपत्रों को सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत पुलिस अभिरक्षा में रखा जाए। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के बाद डबल लॉक वाली स्टील या लोहे की आलमारी में सुरक्षित किया जाएगा और इन पर पेपर सील लगाई जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में होगी।

इस वर्ष जनपद में 1,44,372 छात्र-छात्राएं परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे, जिनमें 67,348 हाई स्कूल और 77,024 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 196 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए 9 जोनल मजिस्ट्रेट, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 196 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 7 सचल दल, 7 रात्रिकालीन सचल दल, और 196 केंद्र व्यवस्थापक/वाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो नकल रोकने के लिए पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करेंगे।

Advertisement

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जनरेटर, लाइट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा समाप्ति के बाद निर्धारित स्थान पर सुरक्षित जमा कराने की पूरी सतर्कता बरती जाएगी। फ्लाइंग स्क्वायड टीम परीक्षा के दौरान लगातार निरीक्षण करेगी और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम (नंबर: 9532663497) राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में स्थापित किया गया है, जहां से सभी 196 परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस बल और कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्रा सहित सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page