अपराध
परिचित ने एक साल तक बालिका से किया दुष्कर्म, घर पहुंचकर दी धमकी
एडीसीपी महिला अपराध ममता रानी से पीड़ित परिवार ने तीन बार लगायी गुहार, नहीं हुई कार्रवाई
वाराणसी। जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 11 साल की बालिका से उसी के एक परिचित ने एक साल तक दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी युवक ने ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से एक अश्लील वीडियो भी बनाई। पिछले दिनों आरोपी ने पीड़िता और उसकी मां को घर आकर धमकाया।
एडीसीपी महिला अपराध ममता रानी से तीन बार गुहार के बाद भी कार्रवाई न होने पर बुधवार को पीड़िता ने युवा फाउंडेशन की सीमा चौधरी की मदद से संयुक्त पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। इसके बाद संयुक्त पुलिस आयुक्त ने शिवपुर थाने से विस्तृत जांच की रिपोर्ट मांगी है।
पीड़िता की मां ने बताया कि लोहता के धन्नीपुर में रहने वाले एक युवक का उसके घर डेढ़ साल से आना-जाना था। इस बीच आरोपी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह में बेटी ने आप बीती सुनाई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने चौकी और थाने गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस बीच आरोपी ने अपने भाई के साथ उसके घर पहुंचकर धमकी दी। पड़ोसियों के दौड़ाने पर दोनों भाग निकले।
