गाजीपुर
पत्रकार और हास्य कवि विजय कुमार मधुरेश का निधन

गाजीपुर। जनपद के साहित्य और पत्रकारिता जगत से एक दुखद खबर सामने आयी है। प्रख्यात हास्य कवि एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार मधुरेश का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे 65 वर्ष के थे और गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव के रहने वाले थे। मधुरेश श्रमजीवी पत्रकार संगठन के जिला महामंत्री पद पर कार्यरत थे, साथ ही वे आदर्श गंगा प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रूहीपुर में हिंदी प्रवक्ता के रूप में भी लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे।
करीब दस दिन पहले वे अपने गाजीपुर स्थित आवास पर अचानक गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आयी थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नई दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
विजय कुमार मधुरेश की पत्नी राधिका देवी हाल ही में जूनियर विद्यालय से प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। उनके एक पुत्र आकाश यादव और चार पुत्रियाँ हैं। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का उनके आवास पर तांता लग गया। पत्रकारिता जगत, साहित्यिक समाज और आम जनमानस ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।
मधुरेश की लेखनी, व्यंग्य और काव्य शैली जनमानस के बीच अत्यंत लोकप्रिय थी। उनके जाने से गाजीपुर ने एक सच्चा साहित्यसेवी, संवेदनशील पत्रकार और एक नेक इंसान खो दिया है।