गोरखपुर
पत्नी के जाने के बाद इंस्टाग्राम की महिला मित्र को घर लाया युवक, गहने लेकर हुई फरार
पुलिस ने दर्ज किया केस, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी
गोरखपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पत्नी के घर छोड़कर जाने के बाद युवक ने इंस्टाग्राम पर बनी दोस्ती के जरिए एक महिला को घर बुलाकर अपने साथ रखा। कुछ ही दिनों बाद वह महिला घर में रखे गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पति, सास और पति की इंस्टाग्राम मित्र के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में शाहपुर क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद सास और अन्य ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बाइक और दो लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार दबाव बनाया गया।
दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला के साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया, जिससे तंग आकर उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता के अनुसार रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से वर्ष 2021 में वह दोबारा ससुराल लौटी, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
पीड़िता ने बताया कि 12 मई 2025 को वह अपनी ननद के घर प्रयागराज गई थी। इसी दौरान पति की दोस्ती इंस्टाग्राम पर एक महिला से हो गई। आरोप है कि पति ने उस महिला को घर बुलाकर अपने साथ रखा। जब पीड़िता को इसकी जानकारी हुई और वह ससुराल पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई और घर से भगा दिया गया।
इसके करीब दस दिन बाद पति की इंस्टाग्राम मित्र आलमारी में रखे पीड़िता के गहने और 1500 रुपये नकद लेकर फरार हो गई। मामले में सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
