गाजीपुर
पत्नी का हत्यारोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार

गाजीपुर। जिले की सैदपुर पुलिस ने रईसपुर गांव निवासी पुलिसकर्मी अरविंद यादव को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी अरविंद यादव सोनभद्र के चुर्क कोतवाली में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है।
जानकारी के मुताबिक, अरविंद ने अपनी पहली पत्नी की मृत्यु के बाद चार साल पहले वाराणसी के महमूरगंज निवासी सुनीता यादव से दूसरी शादी की थी। सुनीता की भी यह दूसरी शादी थी और उसकी पहली शादी से एक आठ वर्षीय बेटी है।
मृतका के पिता वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही अरविंद अपनी पहली पत्नी के दो बच्चों को लेकर सुनीता को प्रताड़ित करता था। इसी कारण वीरेंद्र अपनी नातिन को अपने पास रखकर पालन-पोषण कर रहे थे।
रविवार शाम वीरेंद्र को फोन पर सूचना मिली, जिसके बाद जब वे पहुंचे तो पुलिस सुनीता का शव ले जा रही थी। मृतका के शरीर पर हाथ, पीठ और गले पर गंभीर चोट के निशान थे।
पिछले कुछ महीनों से अरविंद और सुनीता सोनभद्र में रह रहे थे। होली के अवसर पर वे रईसपुर स्थित अपने घर आए थे। घटना के बाद सुनीता के पिता ने सैदपुर थाने में अपनी बेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
सैदपुर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर अरविंद को गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के वाराहरूप घाट स्थित सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।