वाराणसी
पड़ोसी से विवाद की शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे वृद्ध की मौत
वाराणसी। जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित दानगंज पुलिस चौकी पर गुरुवार की रात एक वृद्ध की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जरियारी गांव निवासी 62 वर्षीय मोती राजभर अपने पड़ोसियों के साथ हुए विवाद की शिकायत दर्ज कराने के लिए स्थानीय राजनेता रमेश राजभर के साथ पुलिस चौकी पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि नाली के पानी के निकास को लेकर मोती राजभर का पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था, जिसमें मारपीट तक की नौबत आ गई। इसी को लेकर वे शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी पहुंचे थे। चौकी से थाने की ओर जाते समय मोती राजभर को अचानक सीने में तेज़ दर्द उठा और वे सड़क पर गिर पड़े।
साथ मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें चोलापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही गांव से परिजन और चोलापुर पुलिस अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष चोलापुर के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हृदयगति रुकने से मौत का प्रतीत होता है। परिजनों की तहरीर पर शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, परिजनों ने स्पष्ट किया कि चौकी परिसर में नहीं, बल्कि थाने जाते समय रास्ते में मोती राजभर को दिल का दौरा पड़ा।
फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी।
