वाराणसी
पटेवर स्कूल में प्रतिभावान छात्रों का सम्मान, शिक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर
मड़िहान के पटेवर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को एक भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय से कक्षा 5 उत्तीर्ण कर आगे की पढ़ाई के लिए जाने वाले विद्यार्थियों को बुलाकर उन्हें रैंक के अनुसार मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडवोकेट अनीता जायसवाल रहीं, जिन्होंने बच्चों को अपने कर-कमलों से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान नए शिक्षण सत्र का शुभारंभ भी किया गया। प्रधानाध्यापिका गीता ने सभी बच्चों का मुंह मीठा कराकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही किसी भी बच्चे के समग्र विकास की नींव होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को रोजाना स्कूल भेजने की आदत डालें, क्योंकि यही उनकी बेहतर शिक्षा की दिशा में पहला कदम होगा।
कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों और स्टाफ को संबोधित करते हुए एडवोकेट अनीता जायसवाल ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि प्रारंभिक स्तर पर दी गई सही दिशा ही बच्चों के भविष्य को संवार सकती है।
उन्होंने सभी उत्तीर्ण छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें सलाह दी कि जहां भी जाएं, मन लगाकर पढ़ाई करें। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका गीता के साथ-साथ शिक्षकगण सर्वेश कुमार शास्त्री, शीतल शीतल पुष्प सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
