आजमगढ़
पंजीकरण अभियान : व्यापारियों को जागरूक करने की नयी पहल
आजमगढ़। संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर, आजमगढ़ संभाग, श्रीराम सरोज ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की प्रेरणा से प्रदेशभर में चलाए जा रहे पंजीयन जागरूकता अभियान के अंतर्गत छोटे-छोटे सेमिनार और गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में विभिन्न बाजारों में पंजीकृत और अपंजीकृत व्यापारियों से संपर्क कर पंजीयन के महत्व को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यालय/शासन के निर्देशानुसार, 23 दिसंबर 2024 को नेहरू हॉल सभागार, आजमगढ़ में दोपहर 12 बजे से शाम तक एक मेगा सेमिनार का आयोजन किया गया है।
इसमें जनपद के व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहेगी। इस सेमिनार में मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना और जीएसटी रिटर्न सरलीकरण से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान और विभिन्न विषयों पर परिचर्चा होगी। व्यापार मंडल के पदाधिकारी, अधिवक्ता, व्यापारी और अन्य गणमान्य लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों, खासकर अपंजीकृत व्यापारियों से अपील की है कि इस सेमिनार में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाएं और कार्यक्रम को सफल बनाएं।