अपराध
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, पुलिस ने वापस दिलाये साइबर ठगी के 85 हजार रुपये
चंदौली। साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को राहत दिलाने के प्रयासों में चंदौली पुलिस द्वारा गठित साइबर सेल ने एक अहम सफलता हासिल की है। साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई मुर्सरत जहां के खाते से चोरी हुए 85 हजार रुपए वापस कराए हैं। पीड़िता और उसके परिवार ने इस मदद के लिए पुलिस टीम का आभार जताया है।
यह मामला सैयदराजा थानाक्षेत्र के स्थानीय निवासी सरफुद्दीन की बेटी मुर्सरत जहां का है। पुलिस के अनुसार, मुर्सरत को नौकरी दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने उसके खाते से 85 हजार रुपए निकाल लिए थे। पीड़ित परिवार ने इस घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे को दी, जिसके बाद उन्होंने साइबर सेल के प्रभारी वीरेंद्र कुमार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच के दौरान साइबर सेल ने ठगी करने वाले गिरोह पर कड़ी नजर रखी और कार्रवाई का दबाव बनाया, जिससे जालसाजों ने पूरी रकम पीड़िता के खाते में वापस ट्रांसफर कर दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोगों को अपने बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए, जिससे वे ऐसे फ्रॉड से सुरक्षित रह सकें।
इस पूरे ऑपरेशन में साइबर सेल टीम के प्रभारी वीरेंद्र कुमार के साथ राहुल सिंह, राहुल यादव और आशुतोष भारद्वाज शामिल रहे। पीड़िता के पिता सरफुद्दीन ने साइबर सेल की टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि टीम की मेहनत और तत्परता से उनकी बेटी को आर्थिक राहत मिली है।
