अपराध
नोएडा के जीआईपी मॉल में चौथी मंजिल से कूदकर महिला ने की आत्महत्या
तलाक के कारण मानसिक तनाव में थी मृतका
नोएडा के सेक्टर-39 स्थित GIP मॉल में एक महिला ने चौथी मंजिल की इमरजेंसी एग्जिट की सीढ़ियों से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आकांक्षा सूद (36) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के करावल नगर की निवासी थीं। यह घटना बुधवार रात की है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि महिला के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
तलाक के कारण मानसिक तनाव में थी मृतका
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आकांक्षा सूद के परिवार ने बताया कि उनकी शादी दिल्ली में हुई थी और शादी के महज 15 दिन बाद ही उनके पति से विवाद शुरू हो गया था। इसके बाद तलाक का मामला चल रहा था जिससे आकांक्षा मानसिक तनाव का सामना कर रही थी। इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया। उसके भाई और भाभी ने बताया कि उसकी शादी 2017 में हुई थी और उसका तलाक का केस चल रहा है. वह हमेशा तनाव में रहती थी।
मॉल में घूमने के बाद चौथे फ्लोर तक पहुंची

मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि महिला अकेले ही जीआईपी मॉल में आई थी। मॉल में घूमने के बाद वह चौथी मंजिल पर पहुंची, जहां इमरजेंसी एग्जिट गेट के पास बनी सीढ़ियों से कूद गई। यह जगह मॉल में काफी सुनसान थी और यहां पर ज्यादा भीड़ नहीं रहती। पुलिस मॉल के CCTV फुटेज की जांच कर रही है और परिजनों से बयान दर्ज कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता चल सके।
