गाजीपुर
नेशनल हाईवे पर तेल टैंकर पलटा
भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पखनपुरा और मछटी चौकी के बीच नेशनल हाईवे 31 पर एक तेल टैंकर अनियंत्रित होकर बाएं तरफ गड्ढे में पलट गया। मिली जानकारी के अनुसार, जला हुआ मोबिल लेकर यह टैंकर गाजीपुर की तरफ से बिहार जा रहा था।
टैंकर बुधवार की भोर में लगभग 3:15 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पखनपुरा पार कर रहा था, तभी भरौली की तरफ से आ रहे टेलर को पास देने के चक्कर में चालक को नियंत्रण नहीं मिला और टैंकर सड़क की पटरी पर उतरकर गड्ढे में पलट गया।

पास के ढाबों में रहने वाले लोगों ने तुरंत स्थानीय चौकी प्रभारी मछटी को सूचित किया। मौके पर चौकी प्रभारी श्याम सिंह अपने दल बल के साथ पहुंचकर टैंकर चालक रणवीर सिंह और खलासी को बाहर निकालवाया। दोनों हल्की चोटों के साथ मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजे गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक और उसका खलासी सलामत हैं। टैंकर चालक रणवीर सिंह रोहतक, हरियाणा का रहने वाला है।
