वाराणसी
निर्माणाधीन होटल का पोर्टिगो शेड गिरने से मजदूर की मौत, एक घायल
वाराणसी। जिले के सिद्धगिरी बाग क्षेत्र में बीती शाम एक निर्माणाधीन होटल में बड़ा हादसा हो गया। होटल की पांचवीं मंजिल से अचानक पोर्टिगो शेड गिरने से कछवा रोड के डेडवा गांव निवासी मजदूर दिनेश कुमार (38) की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि उसका साथी अमन मौर्या (35) घायल हो गया। दोनों को सिगरा पुलिस और शोरूम कर्मचारियों की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दिनेश की मौत हो गई। अमन का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र के चेतगंज निवासी श्याम अरोड़ा का यामाहा कंपनी का ऑटोमोबाइल शोरूम है, जिसके ऊपर पांच मंजिला होटल का निर्माण कार्य चल रहा है। हादसे के समय दिनेश और अमन प्रथम तल के बाहरी हिस्से में पुट्टी लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से करीब पांच फीट का पोर्टिगो शेड नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अमन के हाथ में चोट आई।
घटना की सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने दिनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आया है कि होटल के पांचवें तल के निर्माण की अनुमति नहीं थी। सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि होटल निर्माण से संबंधित सभी अनुमतियों की जांच की जा रही है।
बताया गया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा केवल चार मंजिल के निर्माण की अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद रूफ टॉप पर टिनशेड और पोर्टिगो शेड लगाकर पांचवें फ्लोर का स्वरूप दे दिया गया था। आगे के हिस्से को ढकने के लिए पोर्टिगो शेड लगाया गया था। शोरूम के गार्ड संजय ने बताया कि सोमवार को बंदरों ने शेड को हिला दिया था, जिसके चलते वह कमजोर हो गया था और शाम को अचानक गिर पड़ा।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
