Connect with us

गाजीपुर

निर्माणाधीन अंडरपास बना हादसे का कारण, बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत

Published

on

Loading...
Loading...

दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित नेशनल हाईवे-124डी पर शहीद चौक के पास निर्माणाधीन अंडरपास एक बार फिर दर्दनाक हादसे का कारण बन गया। अंडरपास के उत्तर दिशा में लगभग 8 फीट गहरा गड्ढा खुदा होने के बावजूद किसी भी प्रकार की चेतावनी पट्टी, संकेत बोर्ड या बैरिकेडिंग न होने से सोमवार शाम यह जानलेवा दुर्घटना हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के चलते शंकरा रास्ता की ओर से एक तरफ से ही वाहनों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान जलालाबाद गांव निवासी रविंद्र पासवान (30 वर्ष) पुत्र स्व. स्विच पासवान बाइक से घर से जलालाबाद की ओर जा रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह बाइक सहित सीधे गहरे गड्ढे में गिर पड़े। औंधे मुंह गिरने से उनके नाक-मुंह से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के करीब 20 मिनट बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से मऊ अस्पताल भेजा गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दुल्लहपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि मृतक की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व हुई थी। वह सऊदी अरब में रहकर काम करते थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके कोई पुत्र नहीं है। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन हाईवे पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। न चेतावनी संकेत, न प्रकाश व्यवस्था और न ही बैरिकेडिंग — जिसके चलते यहां हादसे होना अब आम बात बनती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार का चिराग न बुझे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page