वाराणसी
नाव पर सवारी बैठाने को लेकर विवाद, दो पक्षों में जमकर चला ईंट-पत्थर
वाराणसी के तेलियानाला घाट पर रविवार को दो पक्षों के बीच नाव में सवारी बैठाने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नाव पर सवारियां बैठाने के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले जिसमें कई
लोग घायल हो गए। इस पथराव में एक युवती, ज्योति साहनी (16) के चेहरे पर गंभीर चोट आई। उसकी आंख के पास ईंट लगने से खून बहने लगा।घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने आदमपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दोनों पक्षों में सवारियां बैठाने पर शुरू हुआ विवादज्योति साहनी ने बताया कि उनके परिवार के लोग तेलियानाला घाट पर नाव में सवारियां बैठाते हैं। रविवार को भी उनके घर के लोग नाव में सवारियां बिठा रहे थे, जब प्रह्लादघाट निवासी जगदीश साहनी, संतोष साहनी, सत्येंद्र साहनी, दिवाकर साहनी, सिजय साहनी और अजय साहनी सहित 20-25 लोग वहां पहुंचे और उनकी नाव में बैठी सवारियों को अपने नाव में ले जाने की कोशिश की।
इस पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गया। पुलिस कर रही है मामले की जांचघटना के बाद आदमपुर थाने के अधिकारियों ने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पथराव में घायल हुई ज्योति साहनी उसके भाई बाबू साहनी (28), विष्णु साहनी (32), राजकुमार (56), और कुमार साहनी (55) को चोटें आई हैं। पुलिस ने ज्योति को मेडिकल जांच के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
