Connect with us

गाजीपुर

नाली तोड़ने को लेकर विवाद, लेखपाल सहित चार के खिलाफ शिकायत दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। जनपद के नन्दगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिहोरी स्थित हरिजन बस्ती में नव निर्मित नाली को तोड़ने को लेकर गुरुवार को विवाद गहरा गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव ने लेखपाल सहित चार लोगों के विरुद्ध सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान अनीता द्वारा हरिजन बस्ती में सरकारी जमीन पर नाली का निर्माण कराया जा रहा था। इस निर्माण का विरोध करते हुए गांव निवासी सुरेश राम ने उपजिलाधिकारी सैदपुर को प्रार्थना पत्र देकर नाली निर्माण को रुकवाने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर 20 मई को एसडीएम सैदपुर, नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष नन्दगंज तथा लेखपाल अशोक राय मौके पर पहुंचे और जांच के बाद निर्माण कार्य जारी रखने का आदेश दिया। लेखपाल द्वारा दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता भी कराया गया, जिस पर कई ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।

निर्देश के अनुपालन में ग्राम प्रधान द्वारा नाली का निर्माण पूरा करवा दिया गया और तीन दिन पूर्व उसका प्लास्टर भी करवा दिया गया। योजना के अनुसार, प्लास्टर सूखने के बाद नाली को ढंकने की प्रक्रिया की जानी थी।

इसी बीच गुरुवार को लेखपाल अशोक राय नाली को तुड़वाने पहुंचे। जब ग्राम प्रधान ने उनसे कार्यवाही का लिखित आदेश मांगा, तो उन्होंने मौखिक रूप से एसडीएम से आदेश मिलने की बात कही। इस पर ग्राम प्रधान ने लेखपाल को वहीं बैठा लिया और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुला लिया। पहुंची पुलिस ने लेखपाल सहित दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की।

Advertisement

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव का आरोप है कि लेखपाल अशोक राय, सुरेश राम तथा उनके पुत्र विनोद कुमार व मनोज राम ने बिना किसी वैध आदेश के सरकारी नाली को क्षतिग्रस्त किया। नाली तोड़ने की घटना का वीडियो भी ग्रामीणों द्वारा बना लिया गया है, जो साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी न्यायालय भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page