गोरखपुर
नाबालिग लड़की का घर से अपहरण कर दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के एक गांव के नाबालिक लड़की को दो मनचलों ने उसके घर से अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त घटना की जानकारी होने पर मां ने 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात किशोरी को बरामद कर आरोपित युवक समेत उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त विवरण के अनुसार गुरुवार को मां की तहरीर पर पुलिस ने अरिज और उसके दोस्त एजाज पर केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। हालांकि किशोरी का पुलिस ने अभी तक मेडिकल नहीं कराया है। आरोपित व नाबालिग अलग-अलग समुदाय के हैं।
किशोरी के पिता की दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह मां के साथ रहती है। घर का खर्च चलाने के लिए मां धुलाई सेंटर पर वाहनों को धोने काम करती है। किशोरी की मां ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बुधवार की देर शाम नौ बजे उनकी नाबालिग पुत्री का गांव के अरिज ने अपने दोस्त एजाज के साथ अपहरण कर लिया।
पुत्री के घर पर नहीं मिलने से वह ढूढते हुए गांव में निकली। कुछ दूर आगे जाने पर उसके रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची तो अरिज उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था और उसका दोस्त बाहर खड़ा होकर रखवाली कर रहा था। शोर मचाने पर दोनों वहां से फरार हो गए। इसके बाद रोते हुए उनकी पुत्री पहुंची और पूरा घटनाक्रम बताया।
डायल 112 पर दी गई सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इधर, तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने किशोरी का बयान दर्ज किया और आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। वहीं, इस मामले में एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि पूछताछ में पीड़िता ने छेड़खानी का मामला बताया। बाद में दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई की है। दोनों आरोपी हिरासत में है। पूछताछ चल रही है। किशोरी का मेडिकल कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
