गाजीपुर
नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
रेवतीपुर (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के रेवतीपुर थाना पुलिस ने जमानियां सर्किल के अंतर्गत शनिवार को 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय राजकुमार राजभर के रूप में हुई है, जो ग्राम नवली, थाना रेवतीपुर, गाजीपुर का रहने वाला है। वह 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई और उसका आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत, पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राजकुमार राजभर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसे जिला कारागार में रखा जाएगा।
इस गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर के साथ उपनिरीक्षक आबिद अली, आरक्षी सम्पूर्णानन्द और दिलीप सिंह शामिल रहें। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान किया गया और कोर्ट से आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया है।
