अपराध
नाइट ड्यूटी पर महिला सिक्योरिटी गार्ड से छेड़खानी करने वाले सुपरवाइजर समेत दो गिरफ्तार
मैनेजर अमर पटेल ने आरोपी सुपरवाइजर वसीम अंसारी का लिया पक्ष
वाराणसी। जनपद के भोगाबीर, लंका स्थित कुलवंती हॉस्पिटल के सुपरवाइजर वसीम अंसारी को लंका थाने की पुलिस ने छेड़खानी सहित अन्य आरोपों में रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से प्रयागराज का रहने वाला है और वर्तमान में वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में रहता है।
सरायनंदन, खोजवा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह कुलवंती हॉस्पिटल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करती है। शनिवार की रात लगभग 2:15 बजे हॉस्पिटल के सुपरवाइजर वसीम अंसारी ने उसे छत पर जाने को कहा। उसने मना किया तो उसने जबरन जाने को कहा। वह छत पर गई तो वसीम अंसारी भी पीछे से आ गया। छत पर वसीम अंसारी ने उससे छेड़खानी की तो उसने वसीम के इस हरकत का विरोध किया। इस पर वसीम अंसारी ने उसका मुंह दबा दिया।
इसी बीच मैनेजर अमर पटेल आ गया तो उसने कहा कि शोर-शराबा मत करो और अपने पति से भी कुछ मत बताना। उसने मैनेजर से वसीम अंसारी की शिकायत की। इस पर मैनेजर ने महिला सुरक्षा कर्मी को ही चरित्रहीन कहा।
इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि वसीम अंसारी और अमर पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वसीम अंसारी और अमर पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमर पटेल की भूमिका की जांच की जा रही है।
