राज्य-राजधानी
नहर विभाग की लापरवाही से किसानों की फसलें जलमग्न, मुआवज़े की मांग
बस्ती। जिले में नहर विभाग सरयू खंड तीन की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। हरैया तहसील के मजगवा पाठक गांव में नहर से बेकाबू तरीके से पानी छोड़े जाने के कारण किसानों के खेत जलमग्न हो गए। पानी सीधे खेतों में घुसने से गेहूं, सरसों, चना और सब्जियों की खड़ी फसलें पूरी तरह तबाह हो गईं। कई खेत तालाब में तब्दील हो गए, जिससे बीज सड़ने लगे और किसानों पर भारी आर्थिक संकट गहरा गया।
घटना से आक्रोशित किसानों ने नहर विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों का कहना है कि न तो समय पर नहर की सफाई कराई गई और न ही पानी छोड़े जाने की कोई पूर्व सूचना दी गई। मजबूरी में ग्रामीणों ने घटना की सूचना 112 नंबर पर दी।
किसानों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवज़ा देने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र राहत नहीं मिली तो आंदोलन और मुकदमे का रास्ता अपनाया जाएगा। ग्रामीणों ने नहर विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का भी ऐलान किया है।
