गाजीपुर
नवोदय प्रवेश परीक्षा में अथर्व यादव ने हासिल किया द्वितीय स्थान
सादात (गाजीपुर)। शिक्षा क्षेत्र सादात अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय जमुई के अध्यापक के सुपुत्र एवं उसी विद्यालय के छात्र अथर्व यादव ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जनपद सहित शिक्षा क्षेत्र सादात का नाम गौरवान्वित किया है।
“होनहार बिरवान के होत चीकने पात” कहावत को साकार करते हुए कक्षा 5 के छात्र अथर्व यादव ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अथर्व प्रतिदिन अपने पिता मुलायम सिंह यादव (सहायक अध्यापक) के साथ विद्यालय आकर अध्ययन करते हैं और अपनी मेहनत व अनुशासन से निरंतर प्रगति कर रहे हैं।
सीमित संसाधनों एवं भौतिक सुविधाओं के अभाव के बावजूद अथर्व ने अपनी लगन, परिश्रम और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा (कक्षा 6) में जनपद गाजीपुर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह सफलता दर्शाती है कि यदि विद्यार्थियों को सही दिशा, प्रेरणा और अभिभावकों का सहयोग मिले, तो किसी भी परिस्थिति में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
इस उपलब्धि पर खण्ड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव सहित एआरपी सुधीर यादव, रविन्द्र प्रताप, डॉ. रमेश राय, अनिल भारद्वाज, अनिल यादव आदि ने अथर्व यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने भी अथर्व यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
