अपराध
नर्स ने नवजात का अस्पताल से कर डाला तीन लाख में सौदा
जौनपुर में सामने आया चौंकाने वाला सनसनीखेज मामला
वाराणसी /जौनपुर । केराकत तहसील के जलालपुर थानांतर्गत धराव गांव की रहने वाली नर्स का अस्पताल से अपने ही गांव की रहने वाली प्रसूता के नवजात का 3 लाख रुपयों में सौदा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है । घटना की जानकारी एक महिला समाजसेवी के द्वारा पुलिस के देने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्यवाही में जांच पड़ताल कर रही है ।
बताया जाता है कि धराव गांव की रहने वाली प्रसूता सूरत में अपने पति के साथ रहती है । गर्भावस्था में प्रसव के लिए इन दिनों वह अपने मायके धराव गांव आई थी । यहां प्रसव पीड़ा होने पर लगभग 20 दिनों पूर्व बगल की ही रहने वाली नर्स इंद्रिका सिंह जो की जौनपुर के किसी अस्पताल में कार्य करती है के कहने पर तथा भरोसे में होने के नाते उनके अस्पताल में जाकर भर्ती हो गई । जहां उसने एक बालक को जन्म दिया ।
लगभग 6 दिनों तक उसे अस्पताल में रखने के बाद एक दिन अचानक नर्स प्रसूता की मां (नवजात की नानी) के पास आकर उसके आंचल में जबरदस्ती कुछ रुपयों को भरते हुए कहा कि तुम्हारा बच्चा पीलिया रोग से ग्रसित था और वह अभी दम तोड़ चुका है । लेकिन प्रसूता और उसकी मां की जिद कि मुझे डेड बॉडी ही बच्चे की दे दी जाए तो अस्पताल के लोगों ने उसे नहीं दिया, बल्कि डांट कर भगा दिया ।
घर आने के बाद से प्रसूता और उसकी मां लगातार नर्स के परिजनों से संपर्क कर अपने बच्चे की डेड बॉडी दिलाने की बात करते रहे । लेकिन नर्स के दबंग परिजन तथा रसूखदार लोग उसे ज्यादा बोलने पर गांव से भगा देने की धमकी तथा एक लाख सत्तर हजार रुपए के बदले बच्चा बेचने की बात कही । जिस पर महिला ने पैसा लेने से इनकार कर दिया और अपने बच्चे की मांग करने लगी । लेकिन नर्स और उसके परिजन लगातार टालमटोल करते रहे ।
बाद में महिला के परिजनों ने वाराणसी की रहने वाली एक समाजसेवी महिला चंदा देवी से संपर्क किया तो चंदा देवी ने हिम्मत करके नर्स के परिजनों से बात करने की कोशिश की । इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई । पुलिस मामले की आगे की कार्यवाही में जांच पड़ताल कर रही है ।
