Connect with us

वाराणसी

नदी में डूबने से किशोर की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जनपद के लोहता थाना क्षेत्र के अयोध्यापुर गांव में बुधवार को एक किशोर की वरुणा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए लहरतारा-कोटवा मार्ग स्थित अयोध्यापुर तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और किसी शरारती तत्व द्वारा पुलिस वाहन पर पथराव किए जाने से थानाध्यक्ष की गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार हैबतपुर गांव निवासी आकाश (13) बुधवार दोपहर अपने साथियों दिव्यांशु, पांचू, आदित्य और अंकुश के साथ वरुणा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। घटना के बाद साथियों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना पर लोहता थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ ने गहरे पानी से किशोर का शव बाहर निकाला। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि आकाश के साथ गए दोस्तों ने ही उसे जानबूझकर डुबोकर मार डाला। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसी मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण शाम करीब छह बजे अयोध्यापुर तिराहे पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

जाम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने थानाध्यक्ष की गाड़ी पर पत्थर फेंक दिया, जिससे वाहन का अगला शीशा टूट गया।

Advertisement

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page