वाराणसी
नगर निगम की पशुपकड़ टीम पर हमला, तीन कर्मचारी घायल
वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर नगर निगम की सचल पशुपकड़ टीम पर व्यापारियों और मंडी कर्मचारियों ने हमला कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, पहाड़िया मंडी के पास हुई इस घटना में आक्रोशित लोगों ने टीम के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

मारपीट के दौरान फार्मासिस्ट अमरनाथ द्विवेदी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि आउटसोर्सिंग कर्मचारी सूरज का सिर फट गया। अन्य कर्मियों को भी चोटें आईं। हमलावरों ने पशुपकड़ वाहन का ताला और जाली तोड़कर तीन सांड़ों को छुड़ाकर भगा दिया।

पशु चिकित्साधिकारी की टीम आठ कर्मचारियों के साथ पहाड़िया मंडी में छुट्टा पशुओं को पकड़ने पहुंची थी। टीम ने तीन सांड़ों को वाहन में लाद लिया था और चौथे को चढ़ाने की कोशिश कर रही थी, तभी कुछ व्यापारी और मंडी कर्मचारी विरोध में आ गए। कहासुनी के बाद हमलावरों ने नगर निगम कर्मियों पर हमला बोल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल की तहरीर पर लालपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके।
