गाजीपुर
नंदगंज में आंधी-पानी से बिजली आपूर्ति ठप, पेयजल संकट गहराया
नंदगंज (गाजीपुर)। क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश के कारण नंदगंज विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सादात से आने वाली मुख्य विद्युत लाइन में फॉल्ट आने के साथ ही नंदगंज पावर हाउस के अन्य फीडर भी खराब हो गए। जिससे दोपहर से ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित है।
विद्युत विभाग के अनुसार, मुख्य लाइन बहाल होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन-किन फीडरों में खराबी आई है।समाचार लिखे जाने तक शाम करीब साढ़े छह बजे तक मुख्य लाइन का फॉल्ट पता नहीं चल सका था। जिससे विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। बिजली आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया है। खासकर पेयजल की समस्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि अधिकांश जलापूर्ति बिजली पर ही निर्भर है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं विद्युत विभाग की टीम फॉल्ट ढूंढने और मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।
