गाजीपुर
नंदगंज –चोचकपुर गड्ढायुक्त मार्ग पर आवागमन दुश्वार, लोग गिरकर हो रहे घायल
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज बाजार से चोचकपुर को जाने वाली मुख्य सड़क की हालत इन दिनों काफी दयनीय और बदतर हो गई है। बरहपुर गांगी नदी से लेकर चोचकपुर बाजार तक लगभग पूरे मार्ग में हजारों छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण लोगों का वाहनों से आवागमन भी मुश्किल हो गया है। सड़क के बीचों-बीच बने ये गहरे गड्ढे न केवल वाहनों की रफ्तार रोक रहे हैं, बल्कि लगातार दुर्घटना का कारण भी बने हुए हैं।
सुआपुर के सामने और प्राइमरी स्कूल के पास की सड़क की हालत सबसे खराब हो गई है। इस टूटी सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों ने बताया कि सड़क पर बने अनेक गड्ढे तथा सड़क की उखड़ी हुई पिच का चापड़ वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। इस मार्ग से साइकिल, बाइक और ई-रिक्शा सवारों को प्रतिदिन आना-जाना पड़ता है, जिससे इन लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण लोग आए दिन गड्ढे में उलझकर गिरते रहते हैं, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं।
इस गड्ढायुक्त सड़क पर स्कूल जाने वाले बच्चों, प्रतिदिन आवागमन करने वाले कर्मचारियों तथा व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में तो स्थिति और भी बद से बदतर हो जाती है, क्योंकि जब गड्ढे पानी से भर जाते हैं तो सड़क का ठीक व समतल हिस्सा पहचानना मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस समस्या को कई बार प्रतिनिधियों के सामने उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। ठेकेदार द्वारा गड्ढों पर पिच की चकती लगाई गई, लेकिन कुछ ही दिन बाद उखड़ गई। क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन से इस गड्ढायुक्त टूटी सड़क की मरम्मत अतिशीघ्र कराए जाने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगने के साथ ही आम जनमानस को राहत मिल सके।
