वाराणसी
धर्मांतरण और दुष्कर्म मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद में युवती से शादी रचाकर धर्मांतरण कराने का एक मामला प्रकाश में आया है। क्षेत्र स्थित एक गांव की निवासी हिन्दू युवती को सीतापुर निवासी नसीम नामक युवक ने लगभग तीन महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से सम्पर्क बनाया। उसने ‘अजय’ बनकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया और भागकर शादी कर ली।
इस संबंध में युवती की मां की तहरीर पर आरोपी युवक के ख़िलाफ़ लगभग तीन महीने पहले मुकदमा दर्ज हुआ था। इधर, बुधवार को पुलिस ने धर्मांतरण और दुष्कर्म सहित कई अन्य धाराओं में वांछित आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सितंबर माह में सीतापुर निवासी नसीम, जो पहले से ही शादीशुदा है, इंस्टाग्राम पर ‘अजय’ नाम की आईडी से मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से बातचीत करता था। उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाया और तीन महीने पूर्व उसे भगा ले जाकर शादी कर ली। इसी संबंध में युवती की मां ने नसीम के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी, जिस पर मिर्जामुराद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
बुधवार को पुलिस ने रखौना अंडरपास के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं युवती को मेडिकल परीक्षण एवं मजिस्ट्रेटी बयान के लिए भेजा गया। युवती का आरोप है कि नसीम धर्मांतरण के लिए आये दिन उसे प्रताड़ित करता था।
