गोरखपुर
धर्मशाला अंडरपास के पास बनेगा वेंडिंग जोन, जाम और अवैध वसूली से मिलेगी राहत
गोरखपुर। शहर के अत्यधिक व्यस्त क्षेत्रों में शामिल धर्मशाला अंडरपास के समीप अब रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। नगर निगम की इस पहल से जहां सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, वहीं वेंडरों से की जा रही अवैध वसूली की शिकायतों पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
काफी समय से धर्मशाला अंडरपास से नौ नंबर रेलवे प्लेटफॉर्म की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ अव्यवस्थित ढंग से दुकानें लग रही थीं। इसे लेकर नगर निगम को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ प्रभावशाली लोग गरीब वेंडरों से दुकान लगाने के बदले अवैध रूप से धन वसूल रहे हैं।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित क्षेत्र को आधिकारिक वेंडिंग जोन घोषित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर वास्तविक जरूरतमंद वेंडरों को सीधे लाभ पहुंचाना है।
वेंडिंग जोन के निर्माण और उसके संचालन की जिम्मेदारी जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) को सौंपी गई है। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार के निर्देश पर जोनल अधिकारी सुरेंद्र प्रताप और डूडा के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। शीघ्र ही दुकानों के लिए स्थान निर्धारित कर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस वेंडिंग जोन में केवल उन्हीं दुकानदारों को स्थान दिया जाएगा जो नगर निगम या डूडा में पंजीकृत होंगे। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि निगम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी वेंडर का शोषण न हो और वे सम्मानजनक तरीके से अपना व्यवसाय चला सकें, साथ ही क्षेत्र में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनी रहे।
