गाजीपुर
दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, एक गंभीर घायल
सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। सिधौना–बिहारीगंज मार्ग पर ईशोपुर गांव के समीप आज शाम करीब 5:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में मृतकों की पहचान शशांक मौर्या (पुत्र सिकंदर मौर्य), निवासी केराकत, जनपद जौनपुर तथा धर्मेन्द्र राम (पुत्र महेंद्र राम), निवासी दौलतपुर (ककरहीं), थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में राजेश बनवासी (पुत्र धर्मेन्द्र बनवासी), निवासी घोघवा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं, तभी ईशोपुर के पास अचानक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

सूचना मिलते ही मौके पर सिधौना चौकी से इंचार्ज कमल राय अपनी टीम के साथ तथा डॉयल 112 की पुलिस टीम पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शशांक मौर्या और धर्मेन्द्र राम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश बनवासी की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
