Connect with us

चन्दौली

दो माह से धरना पर बैठने के बाद भी खेल मैदान जलमग्न

Published

on

भाकपा माले ने तहसील प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप

जलभराव के कारण खेल ग्राउंड में संचालित स्कूल में पठन-पाठन बाधित

सकलडीहा (चंदौली)। जिले के सकलडीहा इंटर कॉलेज का खेल मैदान महीनों से जलमग्न है, जिसके कारण खेल परिसर के समीप संचालित स्कूल बंद पड़ा हुआ है। बच्चों का पठन-पाठन ठप है। भाकपा माले खेल मैदान की जलनिकासी सहित 23 सूत्री मांगों को लेकर बीते दो माह से तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। इसके बाद भी तहसील और जिला प्रशासन समस्याओं को लेकर अनजान बने हुए हैं, जिसे लेकर भाकपा माले ने विरोध जताया है। समस्याओं के निस्तारण होने तक आंदोलन जारी रखने और स्कूल में पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की गई है।

भाकपा माले सहित विभिन्न संगठनों की ओर से धानापुर के नरौली के 14 दलित परिवारों को सीलिंग की आवंटित जमीन पर कब्जा दिलाने, राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कराने और सकलडीहा इंटर कॉलेज के खेल मैदान के जलमग्न होने की समस्या से निजात दिलाने सहित 23 सूत्री मांगों को लेकर बीते दो माह से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन जहां बाढ़ राहत सामग्री वितरण और सहयोग के नाम पर कोरमपूर्ति कर रहा है, वहीं इंटर कॉलेज का खेल मैदान जलमग्न होने से खेल मैदान में संचालित विद्यालय बंद पड़ा हुआ है।

खेल मैदान में जहरीले जंतु और घास-फूस जम जाने से बच्चों को खतरा बना रहता है। इसके बाद भी तहसील प्रशासन न तो समस्याओं से निजात दिलाने की कवायद कर रहा है और न ही बच्चों का पठन-पाठन शुरू कराए जाने को लेकर सुधि ले रहा है। भाकपा माले के पदाधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण होने तक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहने की चेतावनी दी।

Advertisement

इस मौके पर धरने पर श्रवण कुशवाहा, रमेश राय, सदानंद बनवासी, नगीना देवी, अंजना देवी, रेखा भारती आदि लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page