Connect with us

गोरखपुर

दोस्त से मज़ाक पड़ा भारी, खुदकुशी का वीडियो पोस्ट करते ही Meta ने किया पुलिस को अलर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। पुरुष मित्र से प्रैंक करने के लिए एक युवती ने च्वींगम खाकर खुदकुशी का वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो के साथ मरने से संबंधित गाना भी लगाया गया था। इस वीडियो को देखते ही मेटा एआइ ने लखनऊ पुलिस मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट किया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मेटा से सूचना मिलने के बाद लखनऊ कंट्रोल रूम पुलिस ने गुलरिहा थाने को इसकी जानकारी दी। इसके बाद हल्का दारोगा राहुल कुमार और कांस्टेबल संदीप यादव लोकेशन ट्रेस करते हुए मौके पर पहुंचे। पुलिस जब युवती के कमरे पर पहुंची तो वह सुरक्षित मिली। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसने यह वीडियो अपने पुरुष मित्र से प्रैंक करने के उद्देश्य से बनाया था। पुलिस ने आगे से इस तरह की हरकत न करने की हिदायत देकर उसे छोड़ दिया।

बताया गया कि युवती बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली है और गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। वह क्षेत्र में स्थित एक होटल में सेफ का काम करती है। इसके साथ ही वह यूट्यूब, इंस्टाग्राम समेत अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहती है और नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करती है।

शुक्रवार को भी युवती ने एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया था। दोपहर करीब एक बजे लखनऊ कंट्रोल रूम पुलिस को मेटा के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवती लाइव खुदकुशी करते हुए वीडियो पोस्ट कर रही है। वीडियो के बैकग्राउंड में गाना ‘खबर मेरे मरने की सुनते ही देखो वो हाथों में मेहंदी रचाने लगे हैं’ लगाया गया था। पोस्ट में लिखा गया था कि, “अगर हम मर जाए तो कोई यह मत कहना क्यों मरे हैं, वैसे ही सोच लेना कि किस वजह से मरी हूं।”

मेटा से मिले अलर्ट के बाद लखनऊ कंट्रोल रूम ने गुलरिहा थाने को सूचना देते हुए बताया कि उसके क्षेत्र में एक मोबाइल नंबर से खुदकुशी का लाइव वीडियो पोस्ट हुआ है। सूचना मिलते ही गुलरिहा पुलिस लोकेशन ट्रेस कर मौके पर पहुंची, जहां युवती अपने कमरे में सुरक्षित मिली।

Advertisement

थाना प्रभारी गुलरिहा विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मेटा के अलर्ट के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। युवती पूरी तरह सुरक्षित पाई गई। उससे पूछताछ में सामने आया कि वह सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर है और दोस्त से प्रैंक करने के लिए उसने यह वीडियो बनाया था। पुलिस ने उसे भविष्य में इस तरह का वीडियो पोस्ट न करने की सख्त हिदायत दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page