वाराणसी
“देश की जनता पीएम मोदी और भाजपा की नीतियों में करती है विश्वास” : रवि किशन
बनारस पहुंचे रवि किशन, विपक्ष पर साधा जमकर निशाना
भोजपुरी अभिनेता और सांसद रवि किशन वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि यह विपक्ष की हताशा का उदाहरण है। उन्होंने कहा “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” वाली कहावत विपक्ष पर सटीक बैठती है।

झारखंड में जीतने पर ईवीएम सही रहती है लेकिन महाराष्ट्र में हारने पर ईवीएम को दोषी ठहराया जाता है। यह विपक्ष के दोहरे मापदंड को दर्शाता है।रवि किशन ने महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह जीत इस बात को साबित करती है कि देश की 140 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों में पूरा विश्वास करती है।

महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाया है और एक बार फिर से पार्टी पर भरोसा जताया है।इसके साथ ही उन्होंने युवाओं में सनातन संस्कृति के प्रति बढ़ते झुकाव पर प्रसन्नता व्यक्त की। रवि किशन ने कहा कि काशी में हो रहे धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दिखाती है कि धर्म और संस्कृति फिर से प्रबल हो रही है।
काशी हमेशा से भारतीय संस्कृति का केंद्र रहा है और यहां के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।रवि किशन वाराणसी में एक मांगलिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

उन्होंने अपने भतीजे शिवम शुक्ला के विवाह के अवसर पर अपने परिवार के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए अपने स्वर्गीय बड़े भाई रामकिशन शुक्ला को याद किया।
