वायरल
देवरिया में कई थाना प्रभारियों का बदला कार्यक्षेत्र
देवरिया। जनपद में पुलिस प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने तबादला एक्सप्रेस चलाते हुए कई थानों के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस क्रम में सदर कोतवाली में तैनात कोतवाल विनोद कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें थाना श्रीरामपुर का निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं इंस्पेक्टर राकेश कुमार राय को शहर कोतवाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में डॉ. महेंद्र कुमार को गौरीबाजार थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। गौरीबाजार में तैनात इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह को वहां से हटाकर सुरौली थाने का निरीक्षक बनाया गया है। मइल थाने में तैनात इंस्पेक्टर राकेश सिंह को लार थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि लार के इंस्पेक्टर संतोष सिंह को मइल थाने का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा बरहज थाने के थानाध्यक्ष दिनेश मौर्य को बनकटा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बनकटा थाने में तैनात थानेदार विशाल उपाध्याय को बरहज थाने का प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने नए कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
