गाजीपुर
दुष्कर्म के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल
गाजीपुर। जिले के सादात थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त दोनों आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए।
सादात पुलिस टीम बीती रात सवास मोड़ के पास गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म के आरोपी सादात स्टेशन के पास खंडहर में मौजूद हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सवास मोड़ के पास खुद को घिरता देख दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर निशाना साधकर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी सादात में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम कस्बा सादात के वार्ड नंबर नौ निवासी राहुल भरद्वाज और मरदापुर निवासी अरुण यादव बताया। सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सादात थाने में विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब पूछताछ के साथ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
