Connect with us

गाजीपुर

दुल्लहपुर की राम नवमी शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब

Published

on

गाजीपुर। चैत्र शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर दुल्लहपुर बाजार में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य श्रीराम शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा शनिवार को शाम 4 बजे पूर्व जिला पंचायत सदस्य व वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल कुमार पांडे के नेतृत्व में निकाली गई।

शोभायात्रा की शुरुआत दुल्लहपुर के प्राचीन शिव मंदिर से हुई, जो दुल्लहपुर त्रिमुहानी और हनुमान मंदिर होते हुए रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा तक पहुँची। यहाँ माल्यार्पण के उपरांत सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं और नागरिक शामिल हुए।

शोभायात्रा में श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की मनमोहक झांकियों के साथ-साथ 7 फीट ऊंचे हनुमान जी की अठखेलियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में आगे-आगे घोड़ों का झुंड, उसके पीछे 21 भगवाधारी बुलेट सवार, केसरिया परिधान में सजी 51 कन्याएं, 21 चिकित्सक, 21 अध्यापक, 11 ग्रामप्रधान व 11 क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल रहे। उनके बाद केसरिया पगड़ी बांधे हजारों व्यापारी और समाजसेवी शोभायात्रा में श्रद्धा के साथ सम्मिलित हुए।

Advertisement

इस शोभायात्रा की तैयारी विगत एक माह से दुल्लहपुर के समस्त व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही थी। आयोजन के दौरान विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की भी भव्य व्यवस्था की गई थी।

शोभायात्रा के समापन अवसर पर अनिल कुमार पांडे ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों में डॉ. रामवृक्ष सिंह यादव एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजेंद्र राय को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश मद्धेशिया द्वारा औपचारिक रूप से किया गया।

यह शोभायात्रा अब दुल्लहपुर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण गाजीपुर जिले में एक विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa