वाराणसी
दुर्गा पूजा पंडाल के आसपास शराबी न नजर आएं : मोहित अग्रवाल
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को कमिश्नरेट के तीनों जोन के डीसीपी को दुर्गा पूजा से संबंधित विशेष निर्देश दिया है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि, दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास शराबी नजर नहीं आने चाहिए। सभी दुर्गा पूजा समितियों को पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था बनाने के लिए स्वयंसेवकों की ड्यूटी परिचय पत्र के साथ लगाने की सलाह दी गई है। शरारती तत्वों और जेबकतरों पर विशेष ध्यान देते हुए पुलिस कार्रवाई को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करेगी।
पुलिस आयुक्त ने बृहस्पतिवार को यह भी कहा कि थानों के एंटी रोमियो स्क्वॉड को रोजाना दुर्गा पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करना चाहिए। पंडालों की निगरानी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती अनिवार्य की गई है। शाम के समय पुलिस बल के साथ डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी पैदल गश्त करेंगे। दुर्गा पूजा समितियों से सुरक्षा और निगरानी के संबंध में फीडबैक लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके अलावा, ट्रैफिक व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर थानों की पुलिस को काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि त्योहार के दौरान जाम न लगे।
