गाजीपुर
दीवानी न्यायालय मोहम्मदाबाद में सेंट्रल बार एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
मोहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। दीवानी न्यायालय मोहम्मदाबाद के प्रांगण में सेंट्रल बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष विमल चंद्र राय ने की। इस अवसर पर न्यायिक, प्रशासनिक, अधिवक्ता जगत एवं समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश गाजीपुर धर्मेंद्र पांडे ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दयाशंकर दुबे, सचिव धनंजय राय, उपाध्यक्ष गोविंद नारायण सिंह, मुन्ना सिंह यादव एवं सीताराम राजभर, कोषाध्यक्ष अवध बिहारी यादव तथा सह-कोषाध्यक्ष प्रभात शंकर पांडे शामिल रहे।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में शक्ति सिंह (अपर जिला जज), नूतन द्विवेदी (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, गाजीपुर), रंजीत कुमार जायसवाल (सिविल जज), मनोज कुमार यादव, खालिद हुसैन अंसारी, डॉ. हर्षित तिवारी (उप जिलाधिकारी, मोहम्मदाबाद), सुधाकर पांडे (क्षेत्राधिकारी, मोहम्मदाबाद) एवं समाजसेवी वीरेंद्र राय की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे समारोह की भव्यता में चार चांद लग गए।
सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से सभी अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।अधिवक्ता आलोक कुमार राय द्वारा अद्वितिय अभिनन्दन पत्र पढ़ने के बाद त्मुख्य अतिथि को भेंट किया।

मुख्य अतिथि धर्मेंद्र पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि न्यायपालिका का मुख्य उद्देश्य आम नागरिक को समयबद्ध और निष्पक्ष न्याय दिलाना है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी टीम से अपेक्षा जताई कि वे बार और बेंच के बीच समन्वय स्थापित करते हुए न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि न्यायालय से संबंधित कोई समस्या हो तो उसे बिना संकोच उनके संज्ञान में लाया जा सकता है, जिसका त्वरित समाधान करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सभा को शासकीय अधिवक्ता अशोक कुमार तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्र प्रकाश राय, सच्चिदानंद राय, आलोक कुमार राय, अनिल कुमार राय उर्फ सोनू राय सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्णानंद राय ने किया। अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष दयाशंकर दुबे ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, समस्त अधिवक्ताओं, आम नागरिकों एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। सभा अध्यक्ष विमल चंद्र राय ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
